Wednesday, 29 October 2014

IRCTC ने लॉन्च किया ऐंड्रॉयड ऐप, बुक कर सकते हैं रेलवे टिकट

अब आप अपने ऐंड्रॉयड स्मार्टफोन पर एक ऐप के जरिए रेलवे टिकट बुक कर सकते हैं। देश में ऑनलाइन रेलवे टिकट की सर्विस देने वाली फर्म आईआरसीटीसी (IRCTC) ने अपना ऐंड्रॉयड ऐप लॉन्च किया है।
आईआरसीटीसी इससे पहले विंडोज़ और ब्लैकबेरी के लिए अपने ऐप लॉन्च कर चुकी है। स्मार्टफोन मार्केट में सबसे बड़ा मार्केट ऐंड्रॉयड का है। ऐसे में केवल विंडोज़ और ब्लैकबेरी पर ऐप होने की वजह से ज्यादातर लोग आईआरसीटीसी के ऐप का फायदा नहीं उठा पा रहे थे।

आईआरसीटीसी के ऐंड्रॉयड ऐप पर आपको सबसे पहले लॉग-इन करना होगा। इसके बाद आप ट्रेन सर्च करके टिकट बुक कर सकते हैं। आप पुराने बुक किए टिकट देख सकते हैं और उन्हें कैंसल भी कर सकते हैं। इस ऐप के जरिए नए यूज़र रजिस्टर भी कर सकते हैं।

12 एमबी के इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है। इसे ऐंड्रॉयड 4.1 या इससे ऊपर के वर्ज़न वाले ऐंड्रॉयड पर इस्तेमाल किया जा सकता है।

हालांकि शायद तत्काल टिकट की मारामारी के चलते अभी इस ऐप पर सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे के बीच लॉग-इन करने की इजाजत नहीं दी गई है।

 

चैटिंग के लिए फेसबुक ने लॉन्च किया एक नया ऐप रूम्स

फेसबुक ने चैटिंग के लिए एक नया ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप का कंपनी के फेसबुक ऐप या मेसेंजर ऐप से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि यह एकदम नया और एकदम अलग ऐप है। इस ऐप का नाम रूम्स है।

अगर आप पुराने जमाने के याहू पब्लिक चैट रूम के दीवाने रहे हैं, तो यह ऐप आपको खासा पसंद आएगा, क्योंकि यह काफी कुछ उसी तर्ज पर बनाया गया है।

इस ऐप में आप अपना कोई भी नाम रखते हुए चैट कर सकते हैं यानी आप चाहें तो अपना असली नाम रखें या फिर कोई नकली नाम। आप जिससे चाहें बात कर सकते हैं, चाहे वह कोई दोस्त हो या फिर कोई अजनबी।

इसमें आप खुद चैट रूम बना सकते हैं और उसमें लोगों को इन्वाइट कर सकते हैं। आप चाहें तो केवल इन्वाइट किए हुए लोग रूम जॉइन कर सकेंगे या फिर कोई भी जॉइन कर सकेगा। चैट रूम में फोटो, विडियो और टेक्स्ट मेसेज डाले जा सकते हैं।

फेसबुक क्रिएटिव लैब्स ने इस ऐप के बारे में बताते हुए कहा, 'इंटरनेट के बारे में हमारी टीम को यह बात सबसे ज्यादा पसंद है कि आप यहां वह बन सकते हैं, जो बनना चाहते हैं। इसी वजह से आप रूम्स में 'वंडर वुमन' या कोई और नाम रख सकते हैं, जिसमें आप ज्यादा सहज और गर्व महसूस करते हों।'

क्रिएटिव लैब्स ने आगे कहा, 'फोरम, मेसेज बोर्ड और चैटरूम्स ऐसे लोगों के मिलने की जगह थे, जो एक भौगोलिक क्षेत्र या सामाजिक नाते से नहीं जुड़े होते थे, लेकिन उनमें कुछ समानताएं होती थीं। हमारा नया ऐप रूम्स शुरुआती वेब कम्यूनिटीज़ और नए जमाने के स्मार्टफोन की क्षमताओं का मिला-जुला रूप है।'

फेसबुक का रूम्स ऐप अभी केवल यूएसए और यूके के अलावा इंग्लिश बोलने वाले कई देशों के लिए आईफोन पर उपलब्ध है। लेकिन स्मार्टफोन के बाजार में ऐंड्रॉयड के बड़े हिस्से को देखते हुए लगता है कि फेसबुक जल्द ही इस ऐप को ऐंड्रॉयड पर लाएगा।
 

16 मेगापिक्सल के मोटराइज़्ड कैमरे के साथ ओपो N3 स्मार्टफोन लॉन्च

ओपो N3 स्मार्टफोन लॉन्च हो गया है। ओपो N3 की सबसे बड़ी खासियतों में इसका कैमरा भी शामिल है। 
इसमें 16 मेगापिक्सल का मोटराइज़्ड कैमरा लगा है। इसका सेंसर 1/2.3 इंच और पिक्सल साइज 1.34 माइक्रोमीटर है। ओपो इससे पहले अपने स्मार्टफोन में घूमने वाला कैमरा दे चुकी है, लेकिन मोटराइज़्ड होने की वजह से इसका कैमरा बिना हाथ लगाए घूम सकता है। कैमरा 206 डिग्री पर घूम सकता है।  

इससे 64 मेगापिक्सल के बराबर पैनोरमा फोटो शूट किए जा सकते हैं। इसमें RAW फॉर्मैट में फोटो शूट करने के अलावा स्लो शटर, अल्ट्रा मैक्रो मोड, आफ्टर फोकस और मैनुअल कंट्रोल जैसे फीचर्स हैं। ये फीचर्स ओपो अल्ट्रा इमेज 2.0 के हिस्से हैं।

ओपो N3 में 2.5 गीगाहर्त्ज क्वॉड-कोर स्नैपड्रैगन 801 प्रोसेसर और 3 जीबी रैम है। इसमें 1920x1080 पिक्सल रेजॉलूशन वाला 5.5 इंच का डिस्प्ले है। इंटरनल स्टॉरेज 32 जीबी है। यह ऐंड्रॉयड 4.4.2 किटकैट पर चलता है।

इसमें 3000mAh की बैटरी है। कंपनी के मुताबिक इसमें VOOC रैपिड चार्ज टेक्नॉलजी का इस्तेमाल किया गया है, जिससे फोन केवल 5 मिनट चार्ज करने से 2 घंटे तक बात करने लायक चार्ज हो जाएगा। 30 मिनट तक चार्ज करने से बैटरी 0 से 75 फीसदी चार्ज हो जाएगी। VOOC चार्जर भी पहले के मुकाबले आधे वजन का हो गया है।

ओपो फाइंड 7 की तरह ओपो N3 की स्क्रीन के नीचे नोटिफिकेशन लाइट है। कंपनी ने इसके लिए नोटिफिकेशन लाइट 2.0 सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया है।

ओपो N3 की कीमत 649 डॉलर (करीब 39,800 रुपए) है।